नई दिल्ली। स्वरूप नगर में कपड़े की दुकान में तोड़फोड़ करने और एक सेल्समैन पर हमला करने के आरोप में सुरक्षा गार्ड सुमित को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी सुमित सात से आठ लोगों की उस भीड़ में शामिल था जिन्होंने 24 जून को कपड़े की दुकान में जबरन घुसकर 'सेल्समैन को पीटा था और दुकान में तोडफ़ोड़ की थी। साथ ही, दुकान के शीशे और एलईडी डिस्प्ले तोड़ दी थी।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त अपराध हर्ष इंदौरा ने बताया कि इस घटना के बाद सुमित भाग गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। स्थानीय पुलिस ने पांच अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। सुमित को एक गोपनीय सूचना के आधार पर 22 जुलाई को आजादपुर मंडी से गिरफ्तार किया गया। पुलिस उपायुक्त इंदौरा के अनुसार सुमित ने बताया कि वह आजापुर मंडी में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है और स्वरूप नगर में रहता है। सुमित ने बताया कि वह हमला करने वाले समूह में अपने दोस्त चैतन्य उर्फ चेतन के कहने पर शामिल हुआ था जिसकी दुकान मालिक से किसी बात को लेकर रंजिश थी। चैतन्य के कहने पर सुमित और कई अन्य लोग लिबासपुर में इकट्ठा हुए और दुकान मालिक को सबक सिखाने के लिए वहां से दुकान पर पहुंचे थे। ब्यूरो