राजधानी दिल्ली में दशहरा व मोहर्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। ज्यादातर वीआईपी लालकिला व रामलीला मैदान में हो रही रामलीलाओं में पहुंचेंगे। वीआईपी के आगमन को देखते हुए इन जगहों पर सुरक्षा के बहुत ही कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के अलावा पैरामिलिट्री फोर्स की कई कंपनियां तैनात की गई हैं।
खुफिया विभाग ने भी इन त्यौहारों के मौके पर शरारती तत्वों द्वारा धार्मिक उन्माद फैलाने के इनपुट्स दिए हैं। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि खुफिया विभाग ने इनपुट्स दिए हैं कि दिल्ली समेत देशभर के राज्यों में शराराती तत्व दशहरा व मोहर्रम के मौके पर धार्मिक उन्माद फैला सकते हैं।
ऐसे में दंगे के हालत बन सकते हैं। इन इनपुट्स के बाद दिल्ली समेत देश में सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। दिल्ली में दहशरा, मोहर्रम व दुर्गा पूजा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई हैं। रामलीलाओं में विशेष सुरक्षा बरती जा रही है।
उत्तर जिले के सभी थानाध्यक्षों के अलावा भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके बाद अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ीयां भी तैनात की गई हैं। दशहरे के मौके पर धार्मिक रामलीला में प्रधानमंत्री के पहुंचने को देखते हुए पीएम सुरक्षा और पैरामिलिट्री के जवानों में रामलीला परिसर में डेरा जमा लिया है।
एसपीजी ने शुक्रवार का रामलीला कमेटी का निरीक्षण किया और चप्पे-चप्पे पर खोजी कुत्तों से चेकिंग कराई। दिल्ली पुलिस के मुख्य प्रवक्ता दीपेंद्र पाठक ने कहा है कि त्यौहारों के मौके पर ज्यादा भीड़ एकत्रित होती हैं। ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि त्यौहारों को रोकने में कोई खलल न पड़े।