नर्सरी दाखिले की पहली सूची में जिन छात्रों का नाम नहीं आया हैं, उनके लिए दूसरी सूची 29 जनवरी को जारी की जा रही है। वहीं, अगर कोई स्कूल डोनेशन की मांग करता है, तो उस पर कार्रवाई होगी।
नर्सरी दाखिले की पहली सूची में जिन छात्रों का नाम नहीं आया हैं, उनके अभिभावकों को दूसरी सूची का इंतजार है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के दाखिले को लेकर वह बहुत चिंतित हैं। उनको यही चिंता है कि अगर दूसरी सूची में भी नाम नहीं आया तो बच्चे का दाखिला कैसे होगा।
विज्ञापन
मयूर विहार-3 में रहने वाले एक अभिभावक ने बताया कि उन्होंने 10 से ज्यादा स्कूलों में आवेदन किया था। इसके बावजूद पहली सूची में नाम नहीं आया था। इसलिए दूसरी सूची जारी होने से पहले घबराहट हो रही है। इसे लेकर स्कूल प्रशासन का कहना है कि जिन अभिभावकों का नाम पहली सूची में नहीं आया है। उनके लिए दूसरी सूची 29 जनवरी को जारी की जा रही है।
वहीं, सीट खाली होने पर स्कूल तीसरी सूची भी जारी करेंगे। स्कूल फोन और एसएमएस के जरिये अभिभावकों को चयनित छात्रों के बारे में जानकारी देंगे। इसके लिए स्कूलों में हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं, ताकि दाखिले के दौरान अभिभावकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं,पहली सूची में नाम आने के बाद भी बहुत से अभिभावक ऐसे हैं, जो दूसरी सूची का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि जिस स्कूल में उनके बच्चे का नाम आया है वो उनकी पहली पसंद नहीं है।
विज्ञापन
डोनेशन लेने पर होगी कार्रवाई
अगर कोई स्कूल डोनेशन की मांग करता है, तो उस पर कार्रवाई होगी। शिक्षा निदेशालय ने दाखिले से जुड़ी प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए जिला उप निदेशक की अध्यक्षता में निगरानी सेल का गठन किया है। ये सुनिश्चित करेगा कि अभिभावकों को दाखिले के संबंध में किसी तरह की दिक्कत न हो। यदि स्कूल उन पर कोई दबाव बनाता है तो वे ह शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट www.edudel.nic.in पर शिकायत कर सकते हैं और वे जिला उप निदेशक के पास भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।