बृजपुरी इलाके में हिंसाग्रस्त स्कूल
- फोटो : अमर उजाला
शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि शनिवार को कर्मचारियों के लिए स्कूल खोले जाएंगे। उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के कारण बंद किए गए सरकारी स्कूलों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा के लिए शनिवार को कर्मचारियों के लिए स्कूल खोले जाएंगे।
इससे पहले स्कूलों को 29 फरवरी तक बंद रखने की घोषणा की गई थी। शिक्षा निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि स्कूलों को प्रधानाध्यापकों और सभी कर्मचारियों के लिए कल खोला जाएगा। स्कूल प्रबंधन समिति की एक बैठक बुलाई जाएगी जिसमें वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। बैठक में बोर्ड परीक्षा और स्कूल की वार्षिक परीक्षा के संचालन के लिए अनुकूल वातावरण की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।
गौरतलब है कि उत्तर पूर्वी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में चार दिन से स्कूल बंद हैं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने क्षेत्र में 29 फरवरी तक बोर्ड परीक्षा टाल दी थी।