जाफराबाद का निजी डे-केयर और प्लेस्कूल सील करने के निर्देश, बवाना मामले में बस स्टाफ की भूमिका पर सीएम नाराज
दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाली बसों का जीपीएस दिल्ली के सिस्टम से जोड़ने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा में जरा भी लापरवाही अब स्कूल प्रबंधन पर भारी पड़ेगी। यह बात मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कही। उन्होंने कहा कि अमानवीयता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। दोषियों के साथ लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रबंधन और जिम्मेदार लोगों की भी जवाबदेही तय होगी। जाफराबाद के निजी डे-केयर एवं प्लेस्कूल को सील करने के निर्देश दिए हैं। वहीं बवाना में तीन वर्षीय बच्ची के साथ यौन शोषण के मामले में स्कूल बस चालक की कथित भूमिका पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए बस स्टाफ की जांच और निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जाफराबाद के एक निजी डे-केयर एवं प्लेस्कूल में तीन वर्षीय बच्चे के साथ कथित शारीरिक और यौन दुर्व्यवहार की घटना पर मुख्यमंत्री ने गंभीर चिंता जताई। साथ ही कहा कि पीड़ित परिवार को दिल्ली सरकार की ओर से कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
दूसरे राज्यों की बसों के जीपीएस दिल्ली से जुड़ेंगे : दिल्ली-एनसीआर में उत्तर प्रदेश की 16 वर्षीय किशोरी के साथ चलती बस में दुष्कर्म की घटना पर भी मुख्यमंत्री ने दुख जताया। बस चालक और परिचालक की भूमिका को लेकर उन्होंने चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दिल्ली आने-जाने वाली बसों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए पड़ोसी राज्यों से भी बातचीत की जाएगी। दूसरे राज्यों से दिल्ली में प्रवेश करने वाली बसों के जीपीएस को दिल्ली के संबंधित विभाग के सिस्टम से जोड़ने की व्यवस्था विकसित करने की तैयारी है। प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने पर दूसरे राज्यों से आने वाली बसों की लोकेशन से जुड़ी जानकारी दिल्ली के संबंधित सिस्टम तक पहुंच सकेगी। किसी आपात स्थिति में बस की स्थिति का पता लगाने और तेजी से कार्रवाई करने में इससे मदद मिल सकती है। मुख्यमंत्री ने इसे जरूरी कदम बताया है।