प्रतियोगिता छात्रों में नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 58वीं युवा संसद प्रतियोगिता के आयोजन की घोषणा की है। प्रतियोगिता में नामांकन के लिए दिल्ली के स्कूलों से आमंत्रण मांगे गए हैं। यह प्रतियोगिता छात्रों में नेतृत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी। निदेशालय ने सभी डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन (डीडीई) जोन को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जोन से तीन स्कूलों का प्रस्ताव भेजें। ये स्कूल कई श्रेणियों से चुने जाएंगे। इसमें सरकारी स्कूल (स्कूल ऑफ स्पेशलाइज्ड एक्सीलेंस सहित), सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल, गैर-सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त निजी स्कूल शामिल है।
निदेशालय ने आदेश दिया है कि प्रत्येक जोन से चयनित तीन स्कूलों में से कम से कम एक स्कूल ऐसा होना चाहिए जिसने पिछले तीन वर्षों में इस प्रतियोगिता में भाग लिया हो। वहीं, एक स्कूल ऐसा हो जिसने पिछले तीन वर्षों में भाग नहीं लिया हो। यह व्यवस्था नए और पुराने स्कूलों को समान अवसर प्रदान करने के लिए की गई है। निदेशालय ने आदेश दिया है कि डीडीई (जोन) को अपने संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों से परामर्श करने के बाद नामांकन की जानकारी निर्धारित प्रारूप में सॉफ्ट कॉपी के रूप में तैयार करनी होगी।
यह जानकारी 20 सितंबर तक स्कूल शाखा के ई-मेल पते schoolbranchhqAcimail.com पर भेजनी होगी। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके अलावा, जिला डीडीई से अनुरोध किया गया है कि वे निर्धारित समय सीमा के अंदर जानकारी प्रस्तुत करें, ताकि प्रतियोगिता की तैयारियां सुचारू रूप से हो सकें। यह निर्देश सक्षम प्राधिकारी के पूर्व अनुमोदन के साथ जारी किए गए हैं।