साइबर सिटी के एक स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ करने का मामला आया है। पालम विहार थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर स्कूल संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जींद निवासी नौ साल की बच्ची अशोक विहार फेज तीन में रहती है। बच्ची पालम विहार स्थित स्कूल में दूसरी कक्षा की छात्रा है।
छात्रा के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि स्कूल संचालक राम गोपाल शर्मा लंच के दौरान बच्ची की क्लास में आया।
उसने बच्ची से उसका होमवर्क पूरा कराने की बात कही और उसे अपने कमरे में ले गया और छेड़छाड़ की। शाम को घर पहुंचकर बच्ची ने परिजनों को यह बात बताई।
थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने पर आरोपी स्कूल संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार को पुलिस उसे अदालत में पेश करेगी।