दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामले बीते दो दिनों से सभी रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। इसे कई लोग कोरोना की तीसरी लहर मान रहे हैं। इस बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन सभी सवालों का विस्तृत जवाब दिया।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि सरकार ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है और संक्रमितों के सम्पर्क में आए लोगों की पहचान तथा जांच अब और तेजी से की जा रही है। जैन ने पत्रकारों से कहा कि कोविड-19 के नए मामले तेजी से बढ़ने को लेकर इसे संक्रमण के प्रसार की
तीसरी लहर कहना अभी जल्दबाजी होगी।
त्योहारों के मौसम और बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच दिल्ली में बुधवार को पहली बार कोविड-19 के सर्वाधिक 5,600 से अधिक मामले सामने आए थे। राष्ट्रीय राजधानी में अचानक पिछले कुछ दिनों में संक्रमण के नए मामले तेजी से बढ़े हैं।
जैन ने कहा, हमने अपनी रणनीति में बदलाव किया है और अब हम संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए लोगों की और तेजी से पहचान और जांच कर रहे हैं। इसलिए भी मामलों में वृद्धि देखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि संक्रमित व्यक्तियों के पूरे परिवार, करीबी लोगों, जिनमें इस रोग के कोई लक्षण नहीं है, उनकी भी जांच की जा रही है। आरटी-पीसीआर जांच भी बढ़ाई गई है।
विशेषज्ञों द्वारा एक दिन में 15,000 मामले सामने आने का अनुमान लगाए जाने पर उन्होंने कहा, नए मामलों में वृद्धि को देखते हुए विशेषज्ञों ने यह अनुमान लगाया है, लेकिन मामले उस स्तर तक नहीं पहुंचेंगे। हालांकि, हम पूरी तरह तैयार रहना चाहते हैं।