दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन ने कहा कि ब्रिटेन मैं पाए गए कोरोनावायरस के नए स्वरूप से दिल्ली वासियों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। दिल्ली सरकार ने इससे बचाव की रणनीति तैयार की है। पिछले 10 दिनों में ब्रिटेन से दिल्ली आए यात्रियों को ट्रेस कर उनकी जांच की जा रही है। सभी यात्रियों की डोर टू डोर ट्रेसिंग करके जांच की जाएगी।
पत्रकारों से बात करते हुए जैन ने कहा, हमें कोरोना वायरस के इस नए स्वरूप से घबराने की जरूरत नहीं है। अगर हम नियमों का पालन करेंगे और घर से बाहर जाते समय मास्क पहनेंगे, तो चाहे कितने भी नए स्वरूप आ जाएं, हम इस वायरस से सुरक्षित रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना का यह नया स्वरूप काफी तेजी से फैल रहा है, इसलिए हमें पहले से भी ज्यादा सतर्क रहने की आवश्यकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से ब्रिटेन से आने वालीं उड़ानों पर पांबदी लगाने की मांग की थी और अब फ्लाइट पर पाबंदी लगा दी गई है। अब जो भी फ्लाइट विदेश से आएंगी, उसमें आने वाले सभी लोगों की पहले जांच होगी और जो लोग आ चुकें है, उनके घर जाकर मेडिकल टीम उनकी जांच करेगी।
वैक्सीन को लेकर सभी तैयारियां पूरी
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि दिल्लीवासियों को वैक्सीन लगाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना का टीका देश में ही बन रहा है। जैसे यह आएगा। टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।
एक सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह वैज्ञानिक और विशेषज्ञ ही बता पाएंगे कि जो वैक्सीन तैयार की गई है उससे इस नए कोरोना स्वरूप से बचाव हो पाएगा या नहीं, लेकिन फिलहाल सरकार संक्रमण के इस नए स्वरूप से दिल्ली को बचाने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है।