जनकपुरी थाना पुलिस ने तमिलनाडु से चंदन की लकड़ी चुराकर देश-विदेश में भेजने वाले दो तस्करों पालम विहार गुरुग्राम निवासी ऋषि मखान (33) और टैंपो ड्राइवर उत्तम नगर निवासी राम प्रकाश (52) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से बरामद टैंपो में 1279 किलो चंदन की लकड़ी लदी थी।
इनके कब्जे से एक ब्रेजा कार भी बरामद की गई है, जिसमें तस्कर टैंपो के साथ चलता था। बरामद लकड़ी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। गिरोह का सरगना चेन्नई का रहने वाला है और फरार है।
जिला पुलिस उपायुक्त दीपक पुरोहित ने बताया कि 26 दिसंबर की रात जनकपुरी थाने के एसआई संदीप पुलिसकर्मियों के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि चंदन की अवैध लकड़ी से लदा टैंपो असालतपुर गांव में आने वाला है। थाना प्रभारी जय प्रकाश के नेतृत्व में टीम ने वहां घेराबंदी कर टैंपो को जब्त कर चालक राम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया।
राम प्रकाश ने बताया कि लकड़ी का मालिक टैंपो के पीछे ब्रेजा कार में है। पुलिस ने ऋषि मखान को भी गिरफ्तार कर लिया। वन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर आंकलन कराया तो उन्होंने बताया कि बरामद लकड़ी की कीमत देश में करीब डेढ़ करोड़ और अंतरराष्ट्रीय बाजार में छह करोड़ रुपये है।
छह माह से कर रहा था तस्करी
पूछताछ में ऋषि मखान ने बताया कि वह छह माह से चंदन की लकड़ी का तस्करी कर रहा है। चेन्नई के रहने वाले विक्टर के साथ मिलकर वह तमिलनाडु से चंदन की लकड़ी की चोरी कर देश-विदेश में तस्करी करता है। विक्टर ही ग्राहक की तलाश करता था। उसके निर्देश पर वह लकड़ी की डिलीवरी करता है।
उसने बताया कि राम प्रकाश का टैंपो उसने किराए पर लिया था और विक्टर के फोन का इंतजार कर रहा था। वह लोकल डीलर के साथ नेपाल और चीन के डीलरों को भी चंदन की लकड़ी मुहैया कराता है।