हाई प्रोफाइल गाजियाबाद के चुनाव में प्रचारक भी हाई प्रोफाइल आएंगे। फिल्म अभिनेता और कांग्रेस प्रत्याशी राजबब्बर की स्टार फैमिली के अलावा सलमान खान सहित कई सितारे जल्द ही गाजियाबाद की धरती पर चमकेंगे।
नामांकन का दौर शनिवार को खत्म हो जाने के बाद राजनीतिक दल चुनाव प्रचार में ताकत झोंकेंगे। कांग्रेस की ओर से खुद राजबब्बर पार्टी के स्टार प्रचारक हैं। उनके अलावा उनके बेटे और बॉलीवुड स्टार आर्यन और प्रतीक बब्बर गाजियाबाद में वोटरों को लुभाते नजर आएंगे।
राजबब्बर के दामाद और सीरियल कलाकार अनूप सोनी, बेटी जूही बब्बर सोनी और पत्नी नादिरा बब्बर 10 अप्रैल तक गाजियाबाद में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। राजबब्बर के भाई और फिल्म प्रोड्यूसर किशन बब्बर ने प्रचार की कमान थाम ली है।
नगमा के भी आने का कार्यक्रम है। सूत्रों की मानें तो मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने के लिए सलमान को बुलाने की तैयारी है। इससे मुस्लिम मतदाओं में सेंधमारी हो सकती है।