सेंट स्टीफंस कॉलेज में प्रोफेसर एलन स्टेनल और उसकी मां केरल में संपत्ति विवाद और खुदकुशी के लिए उकसाने के मामलों में कानूनी लड़ाई से जूझ रहे थे। इसे लेकर दोनों मानसिक तौर पर बुरी तरह परेशान थे। परिचितों, दोस्तों और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आशंका जताई है कि एलन ने मां की हत्या करने के बाद खुदकुशी की है।
हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन मलयालम भाषा में लिखा एक पत्र बरामद हुआ है, उसमें क्या लिखा है, पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि वह हर पहलु से मामले की जांच कर रही हैं। फिलहाल लेसी की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार जांच के लिए जब कोट्टायम में संपर्क किया, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। पता चला कि 2017 में एलन के पिता स्टेनली की मौत हो गई थी। उसके बाद लेसी ने दूसरी शादी कर ली। करीब सात माह पहले एलन के सौतेले पिता ने कोट्टायम स्थित अपने घर में खुदकुशी कर ली थी।
शुरुआत में सौतले पिता के बेटे व अन्य इस मामले को ढकना चाहते थे, लेकिन एलन की मां को पता चला कि यह खुदकुशी का मामला है और उसके पति अपनी संपत्ति उसके नाम कर गए हैं। इसका पता उसके दूसरे पति के बेटे व अन्य रिश्तेदारों को चला तो उन्होंने मां-बेटे पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज करा दिया।
सोशल मीडिया पर दोस्तों ने बताई कहानी
सोशल मीडिया पर एलन के दोस्तों ने बताया कि कानूनी लड़ाई ने मां-बेटे को मानसिक तौर पर बुरी तरह तोड़ दिया था। हालांकि उन्हें पता था कि वे निर्दोष हैं, फिर भी न्यायिक प्रणाली पर विश्वास जताते हुए कानूनी लड़ाई लड़ने का निश्चय किया।
एलन के एक अन्य मित्र ने फेसबुक पोस्ट पर केरल के स्थानीय अखबार में 15 अक्तूबर को प्रकाशित उस खबर की आलोचना की, जिसमें एलन और उसकी मां की तुलना केरल के कूडाथाई सीरियल मर्डर के आरोपियों से की गई थी। उसने बताया कि इस तरह सार्वजनिक तौर पर अपमानित करना एलन व उसकी मां को बर्दाश्त नहीं हुआ। वह बुरी तरह हताश थे और एलन ने हमसे बात करना बंद कर दिया था।