आप राजधानी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों से रूबरू होना चाहते है लेकिन आपके पास समय नहीं है तो ‘सफरनामा’ मोबाइल ऐप आपकी मदद करेगा। दिल्ली सरकार द्वारा तैयार कराए गए इस ऐप को मंगलवार को लांच किया जाएगा। इसके जरिए आपको सफर के दौरान ही राजधानी को नए तरीके से जानने और समझने का मौका मिलेगा।
इस ऐप में राजधानी की ऐतिहासिक धरोहरों को लेकर देश विदेश से तमाम जानकारियां जुटाई गई हैं। ऐप को फोन में डाउनलोड करने के बाद आप जिस स्थान से भी गुजरेंगे वहां के ऐतिहासिक स्थल की जानकारी आपके मोबाइल पर पॉप अप के जरिए आएगी। इसके लिए यह ऐप आपके मोबाइल की जीपीएस लोकेशन का इस्तेमाल करेगा।
मान लीजिए आप तुगलकाबाद क्षेत्र से गुजर रहे हैं तो वहां की ऐतिहासिक धरोहरों की जानकारी आपके मोबाइल पर पॉप अप करेगी जिसे आप सफरनामा ऐप के जरिए विस्तार से पढ़ सकेंगे। यदि आप चांदनी चौक से गुजर रहे हैं तो यहां की कई ऐतिहासिक हवेलियों व धरोहरों की जानकारी यह ऐप आपके मोबाइल पर देगा।
इस ऐप में उन इमारतों व धरोहरों की जानकारी भी मिलेगी जो दफन हो चुकी है लेकिन उनसे जुड़े किस्से व इतिहास चर्चाओं है। इस प्रोजेक्ट को आर्ट्स एंड ह्यूमैनिटी रिसर्च काउंसिल और लैंकास्टर यूनिवर्सिटी के सहयोग से पूरा किया गया है। इसमें इनटैक दिल्ली चेपटर व सेंटर फोर कम्यूनिटी नोलेज अंबेडकर विश्वविद्यालय दिल्ली की भी मदद ली गई है।