रविवार को केंद्रीय मंत्री एवं राजस्थान के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट रिठौरी गांव स्थित किसान मजदूर आदर्श इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव में पहुंचे।
वहां सचिन पायलट के स्वागत के दौरान एक बुजुर्ग उन्हें पगड़ी बांधने को उठे तो उन्होंने कहा कि बाबा आप पगड़ी मत बांधो, वह स्वयं ही बांध लेंगे। बुजुर्ग के हाथ से पगड़ी लेकर मात्र 20 से 30 सेकेंड में पगड़ी बांध ली।
वार्षिकोत्सव के दौरान सचिन ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के किसान परिवारों के पास मुआवजा आने से संपन्नता तो बढ़ी है, लेकिन शिक्षा पर कोई ध्यान नहीं है। जब तक किसान परिवारों के बच्चे उच्च पदों पर नहीं पहुंचेंगे तब तक किसान-मजदूरों का शोषण होता रहेगा।
उन्होंने कहा कि किसान को मुआवजा तो ठीक मिल रहा है, लेकिन उससे मिली रकम को भी सही स्थान पर खर्च करना होगा।
यह भी पढ़ें: अब नोएडा में भी इंफोसिस, मिलेगी हजारों को नौकरी
अगर ऐसा नहीं किया गया तो क्षेत्र का विकास जिस तेजी से हो रहा है, किसान उसका हिस्सा नहीं बन पाएंगे। उन्होंने बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि अगर हम बच्चियों को शिक्षित करेंगे तो कई परिवार शिक्षित होंगे।
बेटियों को तकनीकी शिक्षा दिलाने के लिए उन्होंने पांच लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की और आश्वासन दिया कि बच्चियों की शिक्षा के लिए वह हमेशा लोगों का सहयोग करते रहेंगे।
पायलट ने कहा कि दलित, किसान, मजदूर और गरीब का हमेशा से शोषण होता रहा है, लेकिन इस शोषण को हमें शिक्षा के हथियार से ही दूर करना होगा।
पढ़ें: 'चुनावों तक आंधी में बदल जाएगी मोदी की लहर'
उन्होंने कहा कि बच्चों को अब आम शिक्षा नहीं, बल्कि तकनीकी शिक्षा देने की तैयारी करनी होगी। जो बच्चों को इन्हीं स्कूल-कॉलेज में दी जानी चाहिए।
इस मौके पर कॉलेज मैनेजर विदेश भाटी, दिनेश भाटी, पूर्व एसडीएम रामचंद्र वर्मा, होशियार सिंह, पूर्व विधायक समीर भाटी, जोगिंदर अवाना, डॉ. महेंद्र नागर आदि समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।