हाईकोर्ट ने वसंत कुंज स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल की पानी की टंकी में गिरकर छह वर्षीय देवांश की मौत मामले की जांच सीबीआई को सौंपने से इंकार कर दिया। अदालत ने पुलिस की जांच पर संतुष्टि जताते हुए कहा जांच ठीक दिशा में चल रही है।
वहीं, पुलिस ने अदालत के समक्ष जांच रिपोर्ट के अलावा कुछ गोपनीय दस्तावेज भी पेश किए। अदालत के रवैये को देख मृतक बच्चे के पिता ने याचिका वापस ले ली। याची देवांश के पिता रामहेत मीणा ने पुलिस पर स्कूल प्रबंधन से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी से करवाने का आग्रह किया है।
न्यायमूर्ति सिद्धार्थ मृदुल के समक्ष पेश दक्षिणी दिल्ली जिला उपायुक्त प्रेमनाथ ने विस्तृत जांच रिपोट़ पेश करते हुए बताया कि यह आरोप गलत है पुलिस ठीक ढंग से मामले की जांच नहीं कर रही।
उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में स्कूल प्रधानाचार्य संध्या साबी, क्लास टीचर मीनाक्षी कपूर, स्कूल रखरखाव प्रभारी पूर्ण सिंह बिष्ट, गार्डनर राम नारायण व पंप ऑपरेटर योगेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।