लंबे जाम से निवासी परेशान, बोलें- फुटपाथ पर अतिक्रमण व नियमों का उल्लंघन क्षेत्र में आम बात
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। साकेत आरडब्ल्यूए ने इलाके में बढ़ते ट्रैफिक और पैदल मार्गों पर राहगीरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। निवासियों का कहना है कि साकेत, प्रेस एन्क्लेव रोड से उत्तर, महरौली-बदरपुर रोड से दक्षिण, किला रायपीठोरा से पश्चिम और लाजपत राय मार्ग से पूर्व में लंबा जाम लग रहता है। इस कारण स्थानीय लोगों को आने जाने में काफी परेशानी होती है। वहीं, दोपहिया वाहन चालक जाम के कारण नियमों को ताक पर रखकर लाल बत्ती से निकल जाते हैं और फुटपाथ पर भी वाहन चढ़ा देते है।
साकेत के 13 आरडब्ल्यूए ने बताया कि यहां लगभग 1,855 फ्लैट्स और 2,295 प्लॉटड डेवलपमेंट यूनिट को कवर करते हैं। बावजूद इसके स्कूलों और व्यस्त सड़कों पर रोजाना ट्रैफिक जाम, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और अवैध पार्किंग जैसी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे निवासियों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है। इलाके में कुल 12 स्कूल हैं, और स्कूल खुलने व बंद होने के समय आंतरिक सड़कों पर भीषण जाम लगता है। यह जाम लगभग एक घंटे तक रहता है और आपातकालीन वाहनों के लिए मार्ग अवरुद्ध कर देता है।
इसके अलावा, आंतरिक सड़कों पर सुरक्षित पैदल मार्गों का अभाव है, जबकि प्रेस एन्क्लेव रोड और महरौली-बदरपुर रोड पर ग्रेड-सेपरेटेड क्रॉसिंग की कमी है। प्रमुख चौराहों जैसे कि प्रेस एन्क्लेव रोड और प्रमोद महाजन रोड के टी-जंक्शन पर मेट्रो स्टेशन के पैदल यात्री, 2-3 व्हीलर वाहन, बस स्टॉप, अस्पताल और मॉल्स की ओर आने-जाने वाला ट्रैफिक जाम बनाता है। यहां अवैध पार्किंग और वाहन नियमों का उल्लंघन आम है, जिससे पैदल और वाहन दोनों के लिए जोखिम बढ़ जाता है।
अतिक्रमण और पैदल मार्गों की स्थिति
निवासियों का कहना है कि कई वाहन चालक ट्रैफिक से बचने के लिए आंतरिक सर्विस रोड का अवैध उपयोग कर रहे हैं। फुटपाथ पर अतिक्रमण, खराब सीवरेज ढक्कन, लटके हुए केबल और स्कूल टाइम ट्रैफिक मैनेजमेंट, पैदल मार्गों की सुरक्षा और अवैध पार्किंग रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि साकेत में आवागमन सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके।
स्कूल टाइम और व्यस्त चौराहों पर रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम लगता है। आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता अवरुद्ध हो जाता है और मेट्रो स्टेशन, बस स्टॉप और मॉल्स की ओर आने-जाने वाला ट्रैफिक बढ़ा देता है। -राकेश डबास, अध्यक्ष, आरडब्ल्यूए साकेत
पैदल यात्रियों की सुरक्षा चिंताजनक है। फुटपाथ पर अतिक्रमण, खराब ढक्कन और लटके केबल सुरक्षा खतरा पैदा कर रहे हैं। जीएल वर्मा, आरडब्ल्यूए सदस्य