दक्षिण पूर्व जिला पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी से बरामद ड्रग्स
- फोटो : अमर उजाला
आरोपी फारूक पुड़िया अनपढ़ युवकों से बिकवाता था। इस काम के लिए एक युवक को 500 रुपये देता था। इसके अलावा पुलिस आदि पर नजर रखने के लिए भी वह युवकों को तैनात करता था। ये युवक वॉचमैन की भूमिका निभाते हुए पुलिस के आने पर झुग्गी बस्ती में फारूक को तुरंत बता देते थे। फारूक इस काम के लिए इन्हें प्रतिदिन 300 रुपये देता था।
पकड़े जाने के डर से रूपेश को मारी थी गोली
पुलिस के अनुसार आकाश सिर्फ शराब पीता है। जबकि अजय राठी स्मैक का सेवन करता है। वारदात वाले दिन वह फारूक के घर ही स्मैक लेने गए थे। यहां पर स्मैक पहले लेने को लेकर आरोपियों का फारूक व अन्य से झगड़ा हो गया था। इस बात पर आकाश ने दो राउंड फायरिंग कर दी थी। फायरिंग कर जब दोनों भाग रहे थे तो रास्ते में रूपेश बसोया ने आकाश को टोका। आकाश ने पकड़े जाने के डर से रूपेश को गोली मार दी थी।
ड्रग्स बेचने के मामले में दूसरी गिरफ्तारी
तैमूर नगर में ड्रग्स बेचने के मामले में फारूक के रूप में पुलिस ने दूसरी गिरफ्तारी की है। इससे पहले पुलिस ने अभिजीत मुखर्जी को गिरफ्तार किया था। इसके कब्जे से 320 हेरोइन की पुड़िया बरामद की गई थी।
तैमूर नगर हत्याकांड में गिरफ्तार मुख्य आरोपी आकाश ने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। उसने बताया है कि कोटला मुबारकपुर (केएमपुर) में भी उसने कैब चालक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस रिमांड में आरोपियों ने 38 वारदात करने की बात भी स्वीकार की है।
महरौली थाना पुलिस ने तैमूर नगर हत्याकांड को अंजाम देने वाले तीन आरोपी आकाश, अजय राठी व सूरज को गिरफ्तार किया था। तीनों सोमवार तक पुलिस रिमांड पर हैं। आकाश ने पूछताछ में बताया कि 8 सितंबर की रात को साइड मिरर टकराने के विवाद में केएमपुर में कैब चालक उमेश (40) की गोली मारकर उसी ने हत्या की थी। इस दौरान वह अपनी तीन साथी बंटी, अक्की व अतुल के साथ गोविंदपुरी से चोरी की गई होंडा सिटी कार में रात वारदात के लिए घूम रहे थे। केएम पुर में इनकी गाड़ी का साइड मिरर सड़क पर खड़ी कैब के साइड मिरर से टकरा गया था। कैब चालक उमेश कैब को रोड पर साइड में पार्क कर दोस्त हेमंत के साथ शराब पी रहा था।
साइड मिरर टकराने पर अक्की कार से नीचे उतरा और उमेश से कैब को हटाने को कहा। इस पर हेमंत ने अक्की को थप्पड़ मार दिया। थप्पड़ मारने पर आकाश आग बबूला हो गया और उसने हेमंत को गोली मार दी। गोली चलने पर हेमंत नीचे झुक गया और गोली उमेश को जा लगी। उमेश को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आकाश इतना शातिर है कि वह जब एक बार वारदात करने निकलता था तो एक साथ हथियारों के बल पर पांच-छह वारदात करता था। आकाश महिपालपुर में एक होटल में रहता था। वह होटल से ऑटो व कैब से निकलता था। एक जगह पहुंचकर ये ऑटो व कैब को छोड़ देते थे। इसके बार ये कार को लूटते थे और फिर उससे वारदात करते थे। आरोपियों ने सबसे ज्यादा वारदात आनंद विहार, नोएडा, बाहरी व उत्तर-पश्चिमी जिले में करते थे।