रूडसेट संस्थान का प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को दीक्षांत समारोह के साथ समाप्त हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जूट प्रोडक्ट निर्माण में दिया गया। इसमें रहाका गांव की 35 महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया। अब यह समूह अपना व्यवसाय शुरू कर सकती हैं।
समापन समारोह के दौरान बतौर मुख्य अतिथि गुरुग्राम के अतिरिक्त उपायुक्त विनय प्रताप सिंह मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण लेने वाली सभी प्रतिभागियों को अतिरिक्त उपायुक्त ने प्रमाणपत्र वितरित किया।
सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक द्वारा महिला उद्यमी को काम शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई। ऋण की स्वीकृति पत्र भी एडीसी ने दी। कार्यक्रम की शुरुआत रूडसेट संस्थान के निदेशक ओम प्रकाश गुप्ता ने की।
उन्होंने कहा कि रूडसेट का यह दीक्षांत समारोह एक उत्साहित करने वाला कदम है। इससे प्रशिक्षण प्राप्त लोगों को पूरे सम्मान का अनुभव होता है। संस्थान केनरा बैंक, सिंडिकेट बैंक व एसडीएम ट्रस्ट के सहयोग से युवाओं के लिए नि:शुल्क प्रशिक्षण पिछले कई वर्षों से प्रदान कर रहा है।
एडीसी विनय प्रताप सिंह ने कहा कि आज देश बेरोजगारी से लड़ रहा है इसमें सभी सभी अपना योगदान दे रहे हैं। रूडसेट संस्थान भी बेरोजगारी से लड़ने की दिशा में कार्य कर रहा है, जो कि एक सराहनीय कदम है। इस यज्ञ में संस्थान भी अपनी क्षमता के अनुसार आहुति दे रही हैं। महिलाएं भी कौशल को अंगीकार कर अपना भविष्य एक सुरक्षित दिशा में बढ़ा रही हैं।