राजधानी वासियों की सुविधा के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) के दिल्ली-अलवर कॉरिडोर के दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी (शाहजहांपुर-नीमराना-बेहरोर) शहरी परिसर फेज को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से कई जगहों पर जोड़ा जाएगा। इस कॉरिडोर के तैयार होने पर दिल्ली मेट्रो के यात्रियों को आरआरटीएस के स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी, हालांकि इसके लिए यात्रियों को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से बाहर निकलकर आरआरटीएस नेटवर्क में अलग से प्रवेश करना होगा।
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी आरआरटीएस के दिल्ली-अलवर कॉरिडोर का पहला फेज है। आने वाले समय में दिल्ली मेट्रो के यात्रियों को आरआरटीएस नेटवर्क पर सफर करने को बढ़ावा देने के लिए इस नेटवर्क को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। आरआरटीएस के दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी (आरआरटीएस) फेज को दिल्ली मेट्रो की चार लाइनों पर चार जगहों से जोड़ा जाएगा। इन लाइनों पर आरआरटीएस की कनेक्टिविटी से दिल्ली मेट्रो के यात्रियों को आसानी से सफर करने की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस फेज का दिल्ली में आने वाला हिस्सा दिल्ली मेट्रो को सबसे पहले पिंक लाइन के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पर जुड़ेगा, इसके बाद यह आगे बढ़कर येलो लाइन पर जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर जुड़ेगा, इसके बाद तीसरा इंटरचेंज मजेंटा लाइन पर मुनिरका मेट्रो स्टेशन पर होगा और चौथा इंटरचेंज एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर एयरोसिटी मेट्रो स्टेशन पर जुड़ेगा। इन चारों स्टेशनों पर दिल्ली मेट्रो के यात्रियों को आरआरटीएस नेटवर्क में प्रवेश करने की सुविधा होगी।
हालांकि दिल्ली मेट्रो रेल नेटवर्क से आरआरटीएस नेटवर्क पर पहुंचने के लिए यात्रियों को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क से बाहर निकलना होगा, उसके बाद यात्रियों को आरआरटीएस नेटवर्क में प्रवेश करना होगा। इस कनेक्टिविटी से यात्रियों को आरआरटीएस के पूरे नेटवर्क पर बिना किसी परेशानी के सफर करने की सुविधा मिलेगी। आरआरटीएस नेटवर्क में सफर करने के लिए दिल्ली मेट्रो के यात्रियों को आरआरटीएस द्वारा निर्धारित किए जाने वाले किराये का भुगतान करना होगा।