- जून भर हर शनिवार-रविवार होगा आयोजन, शहीद कृष्ण चंदर के परिवार को किया सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (एनपीएम) में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन किया गया। गृह मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस उद्घाटन समारोह में बैंड डिस्प्ले, परेड और रिट्रीट सेरेमनी के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर शहीद कृष्ण चंदर के परिवार को भी सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि आरपीएफ के आईजी-कम-प्रिंसिपल चीफ सिक्योरिटी कमिश्नर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुनव्वर खुर्शीद रहे। उन्होंने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आरपीएफ बैंड की देशभक्ति धुनों और आकर्षक परेड ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण शहीदों के परिजनों का सम्मान रहा। मुनव्वर खुर्शीद ने पूर्व कांस्टेबल शहीद कृष्ण चंदर के परिवार को स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट कर उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवार देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में जून माह के दौरान प्रत्येक शनिवार और रविवार को विशेष रिट्रीट सेरेमनी आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों में बैंड डिस्प्ले, परेड और श्रद्धांजलि समारोह के साथ शहीदों के परिवारों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनके योगदान को समाज याद रख सके। रेलवे सुरक्षा स्पेशल फोर्स की 6वीं बटालियन, दयाबस्ती के अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजन कर्तव्य, सम्मान और बलिदान की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा और समर्पण की प्रेरणा भी देते हैं।