पूर्वी दिल्ली। सोनिया विहार स्थित दिल्ली रोइंग एवं वाटर स्पोर्ट्स नोड में रविवार को दिल्ली रोइंग एसोसिएशन ने दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग से समारोह आयोजित किया। इस दौरान मुख्य अतिथि आरएसएस के राष्ट्रीय प्रचारक डॉ. इंद्रेश कुमार और सेना से सेवानिवृत्त अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने दिल्ली गेम्स 2025 के अंतर्गत हुए रोइंग चैंपियनशिप में पदक विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और सर्टिफिकेट से सम्मानित किया।
डॉ. इंद्रेश कुमार ने कहा कि खेल केवल जीत का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र, एकता और राष्ट्र निर्माण का जरिया हैं। लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह ने कहा कि रोइंग मानसिक और शारीरिक सहनशक्ति, सामूहिक समन्वय और अनुशासन की सच्ची परीक्षा है। इसके अलावा एसोसिएशन के अध्यक्ष जय करण चौधरी ने कहा कि दिल्ली में जल क्रीड़ाओं की अपार संभावनाएं हैं। सम्मानित खिलाड़ियों में ओलंपियन अर्जुन लाल जाट, एशियन गेम्स के खिलाड़ी भोपाल सिंह, एशियन रोइंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर चुके भूपेंद्र सिंह और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी विकास सिंह व अन्य कई खिलाड़ी शामिल रहे। समारोह का समन्वय कर्नल राजपाल सिंह ने किया जो एशियन रोइंग फेडरेशन की कार्यकारिणी के सदस्य हैं। उन्होंने दिल्ली को जल क्रीड़ा और उच्च प्रदर्शन रोइंग का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर आर्मी स्पोर्ट्स प्रमुख ब्रिगेडियर संदीप चहल, एसोसिएशन की कार्यकारी सदस्य वेद कौर और योगेश कुमार व अन्य लोग मौजूद रहे।