कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों का डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। इसके तहत 22 जुलाई से भारी तथा 25 जुलाई से हल्के वाहनों को डायवर्ट कर दिया जाएगा। डायवर्जन प्लान 31 जुलाई तक जारी रहेगा।
भारी वाहनों का रूट
- दिल्ली से एनएच-58 होकर मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार जाने वाले वाहन यूपी गेट, विजय नगर बाईपास, एनएच-9 पर डासना तिराहा, पिलखुवा, हापुड़ होते हुए जाएंगे।
- बागपत में पुरा महादेव मंदिर पर कांवड़ियों की भीड़ के चलते दिल्ली-लोनी से सहारनपुर जाने वाले वाहन वजीराबाद पुल आउटर रिंग रोड से होते हुए एनएच-1 पर सोनीपत-करनाल होते हुए जाएंगे।
- दिल्ली यूपी बॉर्डर, महाराजपुर बॉर्डर, ज्ञानी बॉर्डर से गाजियाबाद की तरफ जाने वाले वाहन गाजीपुर चौक से यूपी गेट होकर गाजियाबाद में एनएच-9 होकर आ-जा सकेंगे।
- दिल्ली, मथुरा व बदरपुर से दिल्ली होकर बुलंदशहर की तरफ आने-जाने वाले वाहन ओखला बैराज, डीएनडी पुल व नोएडा मोड़ से गौतमबुद्धनगर एक्सप्रेस-वे से ग्रेटर नोएडा, कासना, श्यामनगर मंडी होते हुए सिकंदराबाद में जीटी रोड से बुलंदशहर की तरफ जा सकेंगे। वापसी में भी यही रूट रहेगा।
- लोनी की ओर से आने वाले सभी वाहन भोपुरा बॉर्डर से दिल्ली में सीमापुरी, आनंद विहार, गाजीपुर चौराहा, यूपी गेट होकर एनएच-9 पर विजयनगर बाईपास होते हुए आत्माराम स्टील, हापुड़ चुंगी होकर गाजियाबाद में प्रवेश कर सकेंगे।
- गाजियाबाद से मोदीनगर आने-जाने वाले वाहन हापुड़ चुंगी, आत्माराम स्टील, पिलखुवा से अव्वलपुर, फरीदपुर होते हुए मोदीनगर रूट का इस्तेमाल करेंगे।
- पुराना बस अड्डा आने वाली बसें व भारी वाहन डासना तिराहे से एनएच-9 यूपी गेट होते जा सकेंगे।
- मुरादनगर पाइप लाइन मार्ग से टीला मोड़ लोनी के बीच वाहन नहीं आ-जा सकेंगे।
- ईस्टर्न पेरीफेरल से मोदीनगर, गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहन डासना उतार से एनएच-9 पर उतरकर जा सकेंगे।
- मुरादाबाद की तरफ से पंजाब, हरियाणा जाने वाले वाहन ईस्टर्न पैरीफेरल एक्सप्रेस-वे से जा सकेंगे।