नई दिल्ली। थाना मंदिर मार्ग पुलिस ने चोरी के एक मामले को महज 48 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी हुए तीन मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, बीते 5 अप्रैल को गोल मार्केट स्थित कालीबाड़ी इलाके से चोरी की पीसीआर कॉल मिली थी। शिकायतकर्ता चंद्र प्रकाश ने बताया कि वह अपने दोस्तों और रूममेट्स के साथ किराये के कमरे में रहते हैं। 4 और 5 अप्रैल की रात सभी लोग सो रहे थे। सुबह उठने पर कमरे से तीन मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये गायब मिले।
मामले में थाना मंदिर मार्ग में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के लिए एसआई उमेश यादव, हेड कांस्टेबल विक्रम मीणा और कांस्टेबल दीपेश मीणा की टीम बनाई गई। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्तर पर पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को बाहरी व्यक्ति की कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई। इसी बीच एक रूममेट राजा कुमार पांडे घटना के तुरंत बाद अपने गांव मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश चला गया, जिससे उस पर शक गहरा गया था।