-पहली मंजिल का लेंटर डालते समय हुआ हादसा, इमारत में होटल बनाने का चल रहा था काम
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। पहाड़गंज के संगतराशन इलाके में रविवार शाम एक निर्माणाधीन इमारत का लेंटर गिरने से आठ मजदूर घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था और दूसरी मंजिल पर लेंटर डाला जा रहा था। अचानक इमारत का एक हिस्सा ढह गया और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल लेडी हार्डिंग अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, हादसा संगतराशन के कशेरूवालान स्थित एक मकान में हुआ। यह इमारत सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने स्थित है। शुरुआती जांच में पता चला कि इमारत में होटल बनाने के लिए निर्माण कार्य चल रहा था। दूसरी मंजिल का लेंटर डालने के दौरान इमारत का एक हिस्सा ढह गया। मौके पर जांच के दौरान इमारत के सहायक पिलर गीले मिले और इमारत एक तरफ झुकी हुई दिखाई दी।दमकल विभाग के मुताबिक हादसे की सूचना रविवार शाम 4.40 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की तीन गाड़ियों को भेजा गया। शुरूआती जांच में सामने आया कि इमारत के सहायक पिलर गीले मिले और इमारत एक तरफ झुकी हुई दिखाई दी।
हादसे में शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मोहम्मद सुहैल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मंत्सु (40) घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों को फ्रैक्चर होने की सूचना है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।