खेल और फिटनेस के क्षेत्र से जुड़े रोहित दलाल और अक्षय दिलावरी AAP में शामिल
- फोटो : X/aap
खेल और फिटनेस जगत से जुड़े रोहित दलाल, अक्षय दिलवारी व तिलक राज सहित करीब 80 बॉडी बिल्डर और रेसलर बृहस्पतिवार को आप में शामिल हो गए। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी मुख्यालय में पटका और टोपी पहनाकर सदस्यता दिलाई।
इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि इन लोगों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया है। अब ये स्वस्थ रहने के लिए लोगों को ट्रेनिंग और प्रेरणा दे रहे हैं। इनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। दिल्ली में सरकार बनने के बाद ये खेल, रेसलिंग और जिम एसोसिएशन के मसलों के समाधान पर काम करेंगे। सब लोगों का स्वस्थ रहना जरूरी है। अगर स्वास्थ्य नहीं होगा तो सब चीजें बेमानी हो जाती हैं। ये लोग कई बच्चों और युवाओं को ट्रेनिंग देते हैं। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि दिल्ली में जितने भी जिम से जुड़े लोग हैं, वहां इन सब का प्रभाव है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि स्पोर्ट्स को लेकर दिल्ली सरकार काम करेगी। रोहित दलाल और तिलक राज व अक्षय ने देश का नाम रोशन किया है। यूथ इनसे प्रभावित है। दोनों को आप में शामिल किया है। जिम एसोसिएशन बनेगी। हम लोगों को स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। अगर स्वास्थ्य ठीक नहीं होगा तो कुछ नहीं है। आज यह कई युवाओं और बच्चों को प्रशिक्षण देते हैं। आने वाले दिनों में कई जिम मालिक आम आदमी पार्टी में शामिल होंगे।