नई दिल्ली।
दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा रोहिणी सेक्टर-41 फेज-5 में सड़क किनारे फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज और जल निकासी को बेहतर करने का कार्य कराया जाएगा। यह कार्य 30 मीटर चौड़ी सड़क पर होगा। इसको लेकर विभाग ने निविदा भी जारी की गई है। संबंधित सड़क पर लंबे समय से फुटपाथ टूटे हैं और बरसात के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या होती है। इससे राहगीरों, बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।
कई बार पानी भरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। ऐसे में यह पहल जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। यह कार्य करीब 27 लाख रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। निर्माण कार्य केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाएगा। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए निर्माण मलबे के निस्तारण और धूल नियंत्रण के लिए भी विशेष प्रबंध किए जाएंगे।