कांग्रेस सुप्रीमों सोनिया गांधी के दामाद और पार्टी की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने केजरीवाल पर तंज कसा है। समय-समय पर वाड्रा पर भूमि सौदों में बड़े-बड़े घपलों के आरोप लगाने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर कल उन्हीं की पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने ही भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगाए हैं। मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल ने सत्येंद्र जैन से जमीन सौदे के लिए 2 करोड़ रुपये लिए हैं। कपिल के अनुसार वो इस घटना के चश्मदीद गवाह हैं।
अब ऐसे में रॉबर्ट वाड्रा ने सोशल मीडिया का पर केजरीवाल को आड़े होथों लेते हुए कहा 'जैसी करनी वैसी भरनी।' उन्होंने लिखा कि जो लोग 2010 में अपनी शुरुआत से ही लोगों पर बेबुनियाद और झूठे आरोप लगा रहे थे, अब उनपर भी उसी तरह के ही आरोप लग रहे हैं। यह आरोप उन्हीं के करीबी लगा रहे हैं, जो अपने पास सबूत होने का दावा भा करते हैं।
बकौल वाड्रा, "मैंने कई सालों में कई झूठे आरोपों का सामना किया है। ज्यादातर आरोप पब्लिक का ध्यान खींचने और लोगों को गुमराह करने के लिए लगाए जाते हैं। मैं देखना चाहता हूं कि यह कैसे होता है।" वाड्रा ने कहा कि उनकी छवि को धूमिल करने के लिए उनके खिलाफ राजनैतिक और मीडिया कैंपेन चलाए गए।