- रोड नंबर-40 और आसपास के मार्गों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के होंगे उपाय
-सैनिक विहार में सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। रोहिणी क्षेत्र में सड़क यातायात को बेहतर बनाने और लोगों की आवाजाही सुरक्षित करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) दो तरह के कार्य कराने की तैयारी कर रहा है। सैनिक विहार में मौजूदा सड़कों को चौड़ा किया जाएगा, जबकि रोड नंबर-40, स्वामी नारायण मार्ग और आसपास की सड़कों पर टेबल टॉप और गति नियंत्रित करने के उपाय किए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए निविदा आमंत्रित की है। निविदा के बाद जल्द कार्य शुरू करने की तैयारी है।
सैनिक विहार क्षेत्र में लंबे समय से संकरी सड़कों से जाम और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने का कार्य पीडब्ल्यूडी के उत्तर-पश्चिम डिवीजन-2 के अंतर्गत उपमंडल एनडब्ल्यूआर-24 (खंड-1) में कराया जाएगा। इससे संकरी सड़कों पर यातायात की आवाजाही बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
दूसरी ओर, रोड नंबर-40, स्वामी नारायण मार्ग और आसपास की सड़कों पर टेबल टॉप बनाने के साथ गति नियंत्रित करने के अन्य उपाय किए जाएंगे। यह कार्य उत्तर-पश्चिम डिवीजन-1 के तहत उपमंडल एनडब्ल्यूआर-13 में प्रस्तावित है। इन कार्यों को वित्त वर्ष 2026-27 की योजनाओं में शामिल किया गया है। सैनिक विहार में सड़कों की चौड़ाई बढ़ने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
क्या होता है टेबल टॉप स्पीड ब्रेकर
टेबल टॉप सड़क पर बना ऊंचा समतल हिस्सा होता है, जो वाहनों की रफ्तार कम करने और पैदल यात्रियों को सुरक्षित सड़क पार कराने के लिए बनाया जाता है। इसे सड़क पर बने चौड़े स्पीड ब्रेकर की तरह समझ सकते हैं।