द्वारका साउथ इलाके में हॉर्न बजाने पर बीएमडब्ल्यू और थार गाड़ी सवार 8-9 लड़कों ने स्विफ्ट कार सवार दो युवकों को जमकर पीटा। बाद में पत्थर और बीयर की बोतल से भी वार कर दिया। आरोपियों ने स्विफ्ट के शीशे भी तोड़ दिए। मामले की सूचना पुलिस को देने पर आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
दोनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मनोज कुमार (34) और कुणाल (24) की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों का बयान लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक मनोज परिवार के साथ छावला गांव में रहता है। वह रोहिणी कोर्ट में नौकरी करता है। रविवार रात के समय उसके पास दोस्त कुणाल और नागेंद्र मिलने आए। देर रात तीनों सेक्टर-10 के एक रेस्तरां में स्विफ्ट कार से खाना खाने के लिए पहुंचे। कार मनोज चला रहा था।
वहां पहुंचने पर मनोज ने कार का हॉर्न बजाया और वेटर को बुलाने का प्रयास किया। आरोप है कि वहां बीएमडब्ल्यू और थार सवार आठ-नौ लड़के पहले से बीयर पी रहे थे। हॉर्न सुनकर एक युवक भड़क गया और वह मनोज के साथ गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर अचानक बाकी युवक भी वहां पहुचे।
आते ही इन लोगों ने मनोज को गिराकर लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। कुणाल ने कार से उतरकर इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसको भी पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पत्थर और बीयर की बोतल से दोनों पर हमला कर दिया। नागेंद्र ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उसे भी पीटा। बाद में उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। अब पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।