दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सफदरजंग एंक्लेव इलाके में शनिवार तड़के नोएडा से दिल्ली के धौलाकुआं आई एक महिला साइकिलिस्ट और उनके दो साथी सड़क हादसे का शिकार हो गए। जख्मी हालत में तीनों को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतका की शिनाख्त नोएडा सेक्टर-78 निवासी प्रीति गुप्ता (45) के रूप में हुई है। इनके दो साथियों अमिताभ शर्मा और निशांत जख्मी हुए हैं। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने सड़क हादसे में मौत का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने पिकअप मिनी टेंपो को जब्त करने के बाद आरोपी बाटा चौक, एनआईटी, फरीदाबाद निवासी चालक संजीव पाठक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रीति गुप्ता अपने परिवार के साथ नोएडा सेक्टर-78 में रहती हैं। इनके परिवार में पति अमित गुप्ता व अन्य सदस्य हैं। सेक्टर-77 निवासी अमिताभ सिन्हा सेवन एक्ससीसी नामक साइकिलिंग क्लब चलाते हैं। इससे नोएडा के कई लोग जुड़े हैं। कुछ रोजाना तो कुछ वीक एंड पर साइकिलिंग के लिए आते हैं। शनिवार को क्लब के सदस्यों ने नोएडा सेक्टर-101 से दिल्ली के धौलाकुआं तक जाने और वापस आने की योजना बनाई थी। कुल 20 सदस्यों को जाना था, लेकिन बारिश होने की वजह से आठ लोग ही वहां पहुंचे। सुबह 5.00 बजे सभी दिल्ली के लिए निकल गए।
बारिश तेज होने की वजह से सुबह करीब 6.00 बजे सभी ने सफदरजंग अस्पताल के पास से वापस लौटने का मन बनाया। सभी फ्लाईओवर के पास से यू-टर्न लेने के बाद सड़क पार करने का इंतजार करने लगे। पांच लोगों ने सड़क पार कर ली, जबकि प्रीति, अमिताभ और निशांत फ्लाईओवर के पास खड़े होकर ट्रैफिक कम होने का इंतजार करने लगे। इस बीच सड़क पार करने के दौरान पिकअप ने इन तीनों को पीछे से टक्कर मार दी। बाद में पिकअप डिवाइडर से टकराकर रुक गई। चालक मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्रीति को मृत घोषित कर दिया गया। घायल अमिताभ और निशांत को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
कार चालक ने हवलदार को कुचलने का किया प्रयास
मुंडका में पिकेट लगाकर वाहनों की जांच करने के दौरान एक कार ने हवलदार को कुचलने की कोशिश की। समय रहते हवलदार जान बचाने के लिए बैरिकेड के पीछे खड़े हो गए। चालक बैरिकेड और उसके सामने खड़ी ईआरवी वैन में टक्कर मारते हुए हरियाणा की ओर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कार चालक की पहचान करने में जुटी है। हवलदार कृष्ण मुंडका थाने में तैनात हैं। कृष्ण ने बताया कि 29 फरवरी को उनकी ईआरवी वैन में ड्यूटी थी। पुलिस टीम इलाके में बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच पड़ताल कर रहे थे।
इसी दौरान वहां एक कार पहुंची। कृष्ण ने कार रोकने का इशारा किया। चालक ने कार रोकने के बजाए उसकी रफ्तार बढ़ा दी और कृष्ण को कुचलने को कुचलने की कोशिश की। चालक की मंशा भांपते हुए कृष्ण जान बचाने के लिए बैरिकेड के पीछे चले गए। आरोपी चालक ने बैरिकेड में टक्कर मारने के बाद ईआरवी वैन में टक्कर मार दी। फिर वहां से कार समेत फरार हो गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कैमरे की मदद से कार का नंबर लेकर चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है।
ट्रक ने वाहनों को रौंदा, चार घायल, दो गंभीर
महरौली में शनिवार दोपहर एक बेकाबू ट्रक ने एक के बाद एक कई वाहनों को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद फुटपाथ से टकराकर ट्रक किसी तरह रुक गया। अफरा-तफरी के बीच मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई।
ट्रक ने कई बाइक, ऑटो और साइकिल रिक्शा को टक्कर मार दी थी। हादसे में जख्मी अमित कुमार (24), नवीन कुमार (25), मोहम्मद मुस्तफा (48) और अकबर (26) को नजदीकी एम्स ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस के पर पहुंच गई। ट्रक कब्जे में लेकर चालक बापरौली निवासी शेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया है कि ट्रक के ब्रेक फेल होने की वजह से उसने ट्रक से नियंत्रण खो दिया था। हादसा दोपहर 3.40 बजे महरौली के पास अंधेरिया मोड़ पर हुआ। यहां ट्रक चालक ने एक के बाद एक करीब पांच बाइक, एक ऑटो और एक साइकिल रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई।