उत्तराखंड के राजाजी टाइगर रिजर्व और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के लाल-चिल्लरखाल के बीच सड़क फिलहाल नहीं बनेगी। उत्तराखंड सरकार ने बताया कि वह सड़क निर्माण के लिए जरूरी क्लीयरेंस के लिए पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के पास जाएगी।
जस्टिस अरूण मिश्रा और जस्टिस दीपक गुप्ता की पीठ के समक्ष उत्तराखंड सरकार की ओर से पेश वकील ने कहा कि सरकार ने इस सड़क के निर्माण के लिए जारी पूर्व आदेश को वापस ले लिया है। उन्होंने बताया कि सरकार पर्यावरण सहित अन्य मंजूरी के लिए पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के पास जाएगी। यानी साफ है कि फिलहाल इस सड़क का निर्माण कार्य नहीं होगा।
पूर्व हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने सड़क के निर्माण कार्य पर रोक लगाने हुए सीईसी (पर्यावरण और वनों पर केंद्रीय सशक्त समिति) को सड़क का निरीक्षण कर रिपोर्ट दाखिल करने के लिए कहा था। सोमवार को सीईसी ने रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दाखिल कर दी।
रिपोर्ट पर गौर करने के बाद पीठ ने राज्य सरकार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब आपने कहा था कि एक इंच भी सड़क नहीं बनेगी तो सात-सात मीटर के पुल का निर्माण कैसे हो गया। हालांकि यह देखते हुए कि राज्य सरकार ने सड़क निर्माण को लेकर अपने पूर्व आदेश को वापस ले लिया है, लिहाजा पीठ को इस सोमवार को मामले का निपटारा कर दिया।