दिल्ली के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में से एक आरएमएल अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इसी के चलते शनिवार सुबह सुरक्षाकर्मियों ने अस्पताल के प्रशासनिक भवन के सामने इकट्ठा होकर धरना प्रदर्शन किया और काम रोक दिया।
विरोध बढ़ता देख अस्पताल के चिकित्सा निदेशक मौके पर पहुंचे उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को समझाया और आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान किया। सुरक्षा एजेंसी के मैनेजर भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों को जल्द से जल्द वेतन देने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि आरएमएल अस्पताल में करीब 450 सुरक्षाकर्मी काम करते हैं। ये लोग एक निजी सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से अस्पताल में लगाए गए हैं। सभी संविदा पर काम करते हैं। बीते 3 महीने से वेतन न मिलने के विरोध में इन कर्मियों ने शनिवार सुबह अस्पताल के प्रशासनिक भवन के सामने धरना प्रदर्शन किया और काम रोक दिया।
दो महीने से नहीं दे सके हैं किराया, छोड़ना पड़ सकता है घरः दीनानाथ
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी दीनानाथ ने बताया कि 3 महीने से वेतन ना मिलने के कारण काफी समस्या आ रही है घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। वह दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में किराए पर रहते हैं। दो महीने से किराया भी नहीं दे पा रहे हैं, ऐसे में मकान मालिक कमरा खाली करने का दबाव बना रहा है।
जब कहीं नहीं हुई सुनवाई तो किया प्रदर्शनः विजय भान
सुरक्षाकर्मी विजय भान ने बताया कि अस्पताल में तीन शिफ्ट में करीब 450 सुरक्षाकर्मी काम करते हैं और यहां 12 घंटे की ड्यूटी करते हैं। उन्होंने कहा कि एक साल पहले ही वह निजी एजेंसी के माध्यम से अस्पताल में संविदा पर सुरक्षाकर्मी के तौर पर लगे थे। शुरुआत के 9 महीने तो वेतन ठीक आया लेकिन पिछले 3 महीने से नहीं आ रहा है। इसको लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक से भी कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई तो समस्या बढ़ती देख सुरक्षाकर्मियों ने विरोध का रास्ता अपनाया।