-कॉलेज श्रेणी के बास्केटबॉल सेमीफाइनल में एस.जी.टी.बी. खालसा कॉलेज ने हिंदू कॉलेज हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय (खेल शाखा) की ओर से आयोजित दिल्ली खेल महाकुंभ 2025-26 के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को छत्रसाल स्टेडियम में कुश्ती प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले में ऋषभ और विशाल को पहला स्थान मिला। पीतमपुरा में आयोजित कॉलेज श्रेणी के बास्केटबॉल सेमीफाइनल में एस.जी.टी.बी. खालसा कॉलेज ने हिंदू कॉलेज हराया। इन प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले आज खेले जाएंगे।
कुश्ती में विभिन्न भार वर्गों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। 48 किलोग्राम वर्ग में ऋषभ (कल्याणपुरी) ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि चेतन (पूर्वी विनोद नगर) दूसरे स्थान पर रहे। 74 किलोग्राम वर्ग में विशाल (मंगोल) दूसरे स्थान पर रहे और राहुल व पिंटू तीसरे स्थान पर रहे। 86 किलोग्राम वर्ग में अनुज (कल्याणपुरी) ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 72 किलोग्राम महिला वर्ग में शिक्षा (नंद नगरी) ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि वंदना दूसरे और राखी तीसरे स्थान पर रहीं।
कॉलेज श्रेणी के बास्केटबॉल सेमीफाइनल में एस.जी.टी.बी. खालसा कॉलेज ने हिंदू कॉलेज को 62-58 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में किरोड़ी मल कॉलेज ने सी.वी.एस. कॉलेज को 34-23 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं महिला कॉलेज फुटबॉल के सेमीफाइनल मुकाबले शनिवार को पीतमपुरा के कोहाट एन्क्लेव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे। इसके अलावा वॉलीबॉल के फाइनल मैच जनकपुरी में होंगे, जबकि एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का ग्रैंड फाइनल 16 से 18 मार्च तक ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जाएगा।