आम आदमी पार्टी के विधायक और पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती की उलझन बढ़ने वाली है। क्योंकि दिल्ली महिला आयोग घरेलू हिंसा शिकायत का मामला दिल्ली पुलिस को सौंपने जा रहा है। मंगलवार को आयोग दिल्ली पुलिस कमिश्नर को मामले से जुड़े दस्तावेज सौंप देगा।
आयोग का कहना है कि भारती ने शनिवार को भेजे पत्र में खुद कहा था कि पुलिस मामले की जांच करे। वहीं, भारती के आरोपों पर आयोग का कहना है कि हमने राजनीति के तहत नहीं, बल्कि लिपिका की शिकायत व सबूतों के आधार पर नोटिस भेजे थे। दोनों समन भेजने के बाद भी भारती आयोग के समक्ष पेश नहीं हुए।
दिल्ली महिला आयोग ने भारती की पत्नी लिपिका मित्रा की लिखित शिकायत के आधार पर घरेलू हिंसा के तहत दस जून को नोटिस भेजते हुए 26 जून को आयोग के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था।
उसके बाद छह जुलाई को दोबारा पेश होने का नोटिस दिया था। हालांकि वे सोमवार को पेश नहीं हुए। इसी के चलते अब आयोग मामले को पुलिस को सौंपने जा रहा है।