राजधानी में बृहस्पतवार को कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या तीन लाख के पार हो गई। पहला मामला तीन मार्च को आया था। सात माह बाद यानी आठ अक्तूबर तक 3,00833 लोग संक्रमित हो गए और 5653 लोगों की मौत हो गई। हालांकि इस बीच 2,72,948 लोगों ने संक्रमण को मात भी दी है।
इस दौरान दिल्ली ने कई उतार-चढाव भी देखे। शुरूआत में मामले तेजी से बढ़े। संक्रमण पर इसके बाद शिकंजा कसा तो जुलाई के बाद गिरावट का दौर भी आया,जब रिकवरी दर 90 फीसदी से ज्यादा हो गई और महज 9,500 सक्रिय मरीज बचे थे। इसके बाद सितंबर में संक्रमण की दूसरी लहर भी आई। उस दौरान प्रतिदिन औसतन चार हजार से ज्यादा मामले आ रहे थे। अब दो सप्ताह से बढ़ते संक्रमण पर लगाम लग गई रही है। दैनिक मामले भी कम हो गए हैं। रिकवरी दर दोबारा से 90 फीसदी से ज्यादा हो गई है और संक्रमण दर भी 6 प्रतिशत से नीचे बनी हुई है।
इसके अलावा सक्रिय मामले भी कम होने लगे हैं। तीन मार्च को संक्रमण का पहला मामले आने के बाद 15 अप्रैल तक ही दिल्ली देश के टॉप तीन राज्यों की सूची में थी। एक समय ऐसा भी आया जब रिकवरी दर 37 फीसदी रह गई थी। संक्रमण दर 30 फीसदी से अधिक हो गई थी और दैनिक मौत का आंकड़ा भी प्रतिदिन 100 पर पहुंच रहा था। उस समय को कोरोना का पहला चरम कहा गया। इसके बाद सितंबर में औसतन 4200 मामले आ रहे थे। 16 सितंबर को रिकॉर्ड 4473 केस आए। उसे दिल्ली में कोरोना की दूसरी लहर का चरम कहा गया।
इसको देखते हुए सरकार ने कई कदम उठाए। मामले बढ़ने के बावजूद भी रोजाना 60 हजार जांच की और कंटेनमेंट जोन में सभी योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया। नतीजन अब संक्रमण से हालात काबू में हैं। सरकार के मुताबिक, स्थिति फिलहाल नियंत्रण में हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह हालात कुछ और सप्ताह तक बने रहे तो दिल्ली में संक्रमण पर लगाम लग जाएंगी, हालांकि यह तभी हो पाएगा, जब आने वाले त्यौहारी मौसम में लोग सभी नियमों का सख्ती से पालन करें।
ऐसे बढ़े मरीज
तारीख - मरीज
3 मार्च पहला मामला
19 जून 50 हजार
6 जुलाई 1 लाख
14 अगस्त 1.50लाख
9 सितंबर 2 लाख
22 सितंबर 2.50 लाख
08 अक्तूबर 3 लाख
--
छठे स्थान पर दिल्ली
राज्य - कुल संक्रमित
1. महाराष्ट्र 14.7 लाख
2 आंध्र प्रदेश 7.29 लाख
3. कर्नाटक 6.58 लाख
4.तमिलनाडु 6.3 लाख
5.उत्तर प्रदेश 4.28 लाख
6.दिल्ली 3 लाख
--
आंकड़ो पर एक नजर
रिकवरी दर-90.6 %
मृत्युदर-1.88 %
कुल मामले -300833
मौत-5653
सक्रिय मरीजट्ठ-22232
--
देश में दिल्ली की स्थिति
-प्रति 10 लाख की आबादी पर सबसे ज्यादा जांच
-होम आइसोलेशन में 50 फीसदी से ज्यादा मरीज ठीक हुए
-देश का पहला प्लाज्मा बैंक दिल्ली में बना