दिल्ली-यूपी में हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और अपहरण जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले इनामी गैंगस्टर विक्की को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दबोच लिया है। आरोपी पर यूपी पुलिस ने 50 हजार और दिल्ली पुलिस ने 25 हजार रुपये इनाम घोषित कर रखा था। वह 15 मामलों में फरार था। इनमें सात हत्या के मामले भी शामिल हैं। कई मामलों में आरोपी भगोड़ा भी घोषित था।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि सूचना मिली कि गैंगस्टर विक्की उर्फ पहलवान उर्फ रघुनाथ निवासी बंतपुर सेतिल, मुरादनगर (गाजियाबाद) छतरपुर इलाके में छिपा है। इसके बाद एसीपी अत्तर सिंह के अलावा इंस्पेक्टर शिवकुमार व कर्मवीर सिंह की टीम ने छानबीन शुरू कर दी।
शुक्रवार को सूचना मिली कि आरोपी महरौली-गुरुग्राम रोड पर अपने किसी साथी से मिलने आने वाला है। पुलिस ने मांडी गांव के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। उसके पास से एक पिस्टल और सात कारतूस बरामद हुए। आरोप है कि विक्की ने अपने साथियों संग मिलकर 6 मई 2019 को साकेत मॉल के पास गैंगस्टर प्रिंस चौधरी की हत्या की थी।
रंगदारी मांगने के लिए आरोपी ने लक्ष्मीनगर इलाके में अमन नामक कारोबारी को गोली मारी थी। 24 नवंबर को विक्की ने घौलाना गांव (हापुड़) में सुधीर की गोली मारकर हत्या की थी। 19 जुलाई को बागपत के चांदीनगर में ग्राम प्रधान के बेटे विनोद की गोली मारकर हत्या का भी आरोप है। इसके साथ ही इसके गैंग ने 18 अप्रैल 2019 को नोएडा के कॉल सेंटर में मैनेजर परितोष को अगवा कर फिरौती मांगी थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गैंगस्टर रोहित चौधरी के गैंग के लिए काम करता है। पिछले एक साल से वारदात को अंजाम देकर वह दिल्ली-एनसीआर के होटल व गेस्ट हाउस में छिपकर रह रहा था।