28 जुलाई से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) दाखिले के लिए सीएसएएस आवंटन के दूसरे राउंड का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय की डीन शाखा के अनुसार, दूसरे राउंड में आवंटित सीट स्वीकार करने की अंतिम तिथि 27 जुलाई रात 11:59 बजे तक है।
संबंधित कॉलेज 28 जुलाई रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदनों का सत्यापन और स्वीकृति देंगे, जबकि अभ्यर्थी 29 जुलाई रात 11:59 बजे तक दाखिला शुल्क जमा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार, यूजी की 71,624 सीटों के लिए शनिवार शाम तक दो राउंड में कुल 88,584 सीटों का आवंटन किया जा चुका है। इनमें दूसरे राउंड में 24,814 नए आवंटन शामिल हैं।
डीयू ने स्पष्ट किया है कि नया शैक्षणिक सत्र 28 जुलाई से शुरू होगा। जिन अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं, उन्हें समय रहते शुल्क जमा करने की सलाह दी गई है, ताकि वे पहले दिन से ही कॉलेज की शैक्षणिक गतिविधियों में शामिल हो सकें। विश्वविद्यालय ने यह भी कहा है कि यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो आगे अतिरिक्त आवंटन दौर आयोजित किए जा सकते हैं। दाखिले से संबंधित सभी ताजा जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।