पिटाई का बदला लेने के लिए अमन विहार इलाके में 37 वर्षीय भारत भूषण की उसकी पत्नी और 10 वर्षीय बेटी के सामने चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। दोनों रहम की भीख मांगती रहीं, लेकिन हमलावर नहीं पसीजे और भारत भूषण पर चाकू से आठ से ज्यादा वार किए। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक आरोपी मुकेश को वारदात के 48 घंटे में गिरफ्तार कर लिया।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त बीके सिंह के अनुसार, आरोपी दीपक अपने भाई सूरज व पार्टनर मुकेश के साथ 11 जून की रात करीब पौने बारह बजे अमन विहार में रहने वाले भारत भूषण के घर पहुंचे।
उन्होंने भारत भूषण को घर से बाहर बुलाकर चाकू से गोद दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। अपराध शाखा के एसआई आशीष कुमार व हवलदार अमित तोमर की टीम ने आरोपी किराडी सुलेमान नगर, दिल्ली निवासी मुकेश (31) को जापानी पार्क से गिरफ्तार कर लिया।
मूल रूप से बागपत, यूपी निवासी मुकेश ने बताया कि उसका परिवार 12 वर्ष पहले दिल्ली आया था। टैक्सी चलाने के साथ वह पार्टनर सूरज व दीपक के साथ सट्टा चलाता था। भारत भूषण भी सट्टा लगाने आता था और शराब के नशे में झगड़ा करता था। दो हफ्ते पहले लड़कों के एक ग्रुप ने भारत भूषण को पीट दिया था। भारत भूषण को लगा कि दीपक व सूरज ने उसकी पिटाई कराई है।
उसने अपने दोस्तों के साथ 11 जून को सेक्टर-20, रोहिणी में दीपक व मुकेश की पिटाई कर दी थी। इसका बदला लेने के लिए इन्होंने भारत भूषण की हत्या कर दी।