कालकाजी इलाके में वृद्धा की मौत मामले में नया खुलासा हुआ है। वृद्धा की मौत भूख से हुई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग दंपति ने कई दिनों से खाना नहीं खाया था।
बीमार होने से वृद्धा पिछले कई महीने से बेड पर ही लेटी थीं।
इससे पहले घर में वृद्धा ही खिचड़ी या दलिया बनाती थी। तबीयत खराब होने से कुछ समय से घर में खाना नहीं बन रहा था। बुजुर्ग कभी-कभार गुरुद्वारे से खाना लाते थे। बुजुर्ग की हालत भी ठीक नहीं है और उन्हें सफदरजंग स्थित प्राइवेट अस्पताल सुखमणि में भर्ती कराया गया है। वे बीमारी की वजह से बोल नहीं पा रहे हैं।
कालकाजी थाने से जांच में जुटे पुलिस अधिकारी मान रहे हैं कि वृद्धा की मौत खाना नहीं मिलने व बीमारी से हुई है। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गोविंदाराम (85) पत्नी गोपी (80) के साथ जे-1/110 डीडीए फ्लैट्स कालकाजी में
रहते हैं।
उनकी कोई संतान नहीं हैं। दोनों बुजुर्ग दंपति दिल्ली पुलिस की सीनियर सिटीजन स्कीम के तहत रजिस्टर्ड थे। हालांकि, डीडीए फ्लैट्स, कालकाजी में तैनात बीट स्टाफ उनके यहां लगातार जाता रहता और राशन भी दिलवाता था।