दिल्ली के जाफरपुर कलां स्थित राव तुलाराम अस्पताल से नर्स बनकर नवजात बच्चे को अगवा करने वाली दो महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अगवा बच्चे को झज्जर से बरामद कर लिया है। 15 साल से बच्चा नहीं होेने पर 40 वर्षीय महिला ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त सुमन गोयल ने बताया कि अजय सपरिवार गुड़गांव के मकडोला गांव में रहता है। 23 दिसंबर को प्रसव पीड़ा होने पर अजय ने पत्नी गीता को राव तुलाराम अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उसने बेटे को जन्म दिया। 26 दिसंबर को वार्ड संख्या दो से गीता के बच्चे को अगवा कर लिया गया। जांच में पता चला कि दो महिलाएं नर्स के कपड़े पहनकर आई थी और बच्चे को देखने के बहाने उसे उठाकर चली गई। जाफरपुर कलां थाना पुलिस ने अजय की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अपने मुखबीरों को आस पास के इलाके में सक्रिय किया।