रिटायर्ड टीचर की सूझबूझ से उनके खाते से एक लाख रुपए की ठगी होने से बच गई। आरोपी ठग खाते से महज नौ हजार रुपए ही निकाल पाए।
मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आया तो रिटायर्ड टीचर ने एटीएम बूथ पर जाकर कार्ड ब्लॉक कर दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत कविनगर पुलिस से की है।
गोविंदपुरम ए ब्लॉक निवासी अजयपाल सिंह रिटायर्ड टीचर हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर पौने 12 बजे मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। आरोपी ने खुद को बैंककर्मी बताया और एटीएम ब्लाक होने की बात कह उसे रेन्यू कराने के लिए पासवर्ड व 16 डिजिट नंबर पूछ लिया।
इसके बाद पांच बार में खाते से उसने 9 हजार रुपए निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज के जरिए जानकारी मिली। थोड़ी देर बाद दोबारा कॉल कर आरोपी ठग ने अजय से उनके खाते में जमा राशि के बारे में जानना चाहा तो उन्होंने पासबुक ढूंढने की बात कहकर बातों में लगा लिया और नजदीकी एटीएम बूथ पर जाकर कार्ड ब्लॉक कर दिया।
इसके बाद उनके खाते से ठग रकम नहीं निकाल पाए। पीड़ित ने मामले की शिकायत कविनगर पुलिस से की है।
बता दें कि शहर में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। शनिवार को ही एक महिला कांस्टेबल के खाते से ठगों ने 71 हजार की रकम निकाल ली और राजनगर निवासी डॉक्टर धर्मवीर त्यागी के खाते से 27 दिसंबर को 51 हजार रुपए निकाल लिए।