द्वारका साउथ इलाके में सड़क पार कर रहे सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन अमरदीप सिंह (69) और उनकी पत्नी रजनी गिल (47) को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। दोनों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ग्रुप कैप्टन को मृत घोषित कर दिया।
बृहस्पतिवार रात उनकी पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। उधर, पुलिस को घटना की सूचना देने वाले ने टक्कर मारने वाली कार का नंबर नोट कर लिया था। इसकी मदद से पुलिस ने कार चालक बीबीए के छात्र को गिरफ्तार कर लिया। घटना के समय वह दोस्तों के साथ घूम रहा था।
पुलिस के अनुसार, अमरदीप और रजनी दोनों की यह दूसरी शादी थी। दोनों द्वारका सेक्टर-7 स्थित एयरफोर्स एंड नेवल ऑफिसर्स सोसायटी अपार्टमेंट में रहते थे। 25 दिसंबर की रात दोनों एक कार्यक्रम से लौटे थे। सोसायटी के बाहर ही कैब से उतरने के बाद वे घर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार में आई लाल रंग की कार ने दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। वहां से गुजर रहे एक कार चालक ने हादसा होते देख कार का पीछा किया और उसका नंबर नोट कर लिया। सोसायटी के गार्ड व राहगीर दंपती को पास के अस्पताल ले गए।
कई बार बेची जा चुकी है कार
दुर्घटना करने वाली कार के नंबर के आधार पर पुलिस मालिक के पास पहुंची। वहां से पता चला कि वह कार को बेच चुका है। जांच में पता चला कि कार कई बार बेची जा चुकी है। पुलिस ने मशक्कत कर असली कार मालिक की पहचान कर ली। उससे पूछताछ में पता चला कि घटना के समय यतीन कार चला रहा था। उसे पुलिस ने विकासपुरी से गिरफ्तार कर लिया।
वह पत्राचार से बीबीए कर रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि घटना वाली रात वह दोस्तों के साथ घूम रहा था। कार काफी तेज रफ्तार में होने की वजह से वह नियंत्रण नहीं कर पाया।