पटेल नगर चौकी के पास एक कंपनी के रिटायर्ड मैनेजर के घर से चोर लाखों रुपये के जेवर और नगदी चोरी कर ले गए। अंदेशा है कि चोर की फुटेज पड़ोसियों के मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है, पुलिस जांच कर रही है।
एक मेड की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। कालोनी में दो सिक्योरिटी गार्ड रहते हैं, मगर उन्हें भी भनक नहीं लगी।
पटेलनगर सेकेंड की पॉश कालोनी बी ब्लॉक में रहने वालेे महेंद्र गुप्ता निजी कंपनी से रिटायर्ड मैनेजर हैं। उन्होंने बताया कि घर में वह उनकी पत्नी, बेटा और पुत्रवधू रहते हैं।
24 जनवरी को वह चारों शिकोहाबाद में एक रिश्तेदार के शादी समारोह में शिरकत करने गए थे, वहां से बुधवार दोपहर 12 बजे वापस लौटे तो चोरी की वारदात का पता चला।
चोरी की सूचना कंट्रोल रूम में दी गई, जांच में पता चला कि चोर घर से करीब 12 लाख की ज्वैलरी और दो लाख रुपये कैश चोरी कर ले गए।
अंदेशा है कि चोर गेट फांदकर घर में घुसे, कटर से पांच कमरों के ताले काटकर वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद छत के रास्ते भाग गए। सिहानी गेट पुलिस ने जांच कर रही है।
पुलिस आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। एक मेड की भूमिका संदिग्ध लग रही है, वह घर के आसपास चक्कर काटते हुए पड़ोसियों ने देखी थी। एसएचओ सिहानी गेट अवनीश गौतम ने जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अंदर से बंद था ताला फिर भी घर खंगाला
महेंद्र ने बताया कि वह घर में अंदर से ताला लगाकर गए थे, बाहर ताला नहीं लगाया था। ऐसा इसलिए किया कि रेकी करने वाला यह न जान सके कि घर में कोई नहीं है, बावजूद इसके चोर वारदात कर गए।