सेक्टर-29 निवासी रिटायर्ड कर्नल वीरेंद्र प्रताप सिंह चौहान और एडीएम विवाद मामले में शनिवार को एडीएम की पत्नी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया। इसमें उन्होंने सरकार व प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनका परिवार व पति निर्दोष हैं। उन्हें फंसाया जा रहा है।
वीडियो में एडीएम की पत्नी ने आरोप लगाया है कि रिटायर्ड कर्नल चार साल से मुझे प्रताड़ित कर रहे हैं। यह बात उन्होंने पति को भी बताई थी। दोनों परिवार के बीच किसी तरह का जमीनी विवाद नहीं है। यह सिर्फ उन्हें फंसाने के लिए विवाद बनाया गया है। वह अपने बच्चों को लेकर छिपने को मजबूर हैं। जबकि वीरेंद्र ने जो किया वह सामूहिक रूप से किया है। लोग अब भी सच्चाई से वाकिफ नहीं हैं। अक्सर अपशब्दों का प्रयोग भी वीरेंद्र द्वारा किया जाता रहा है। ऐसे में मुझे इंसाफ दिलाया जाए।
यह है मामला
एडीएम की पत्नी ने 14 अगस्त को वीरेंद्र पर छेड़छाड़ और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां देने का आरोप लगाते हुए सेक्टर-20 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वीरेंद्र को सोमवार को अदालत से जमानत मिल चुकी है। वीरेंद्र ने जेल से ही एडीएम पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए शिकायत जेलर के माध्यम से डीएम को दी थी। इस मामले में 18 अगस्त को एडीएम व उनकी पत्नी सहित सात लोगों पर केस दर्ज हुआ था। प्राधिकरण ने एडीएम के घर में बने अवैध निर्माण को तोड़ भी दिया था। शुक्रवार को यूपी पीसीएस एसोसिएशन ने भी डीएम और एसएसपी की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाए हैं। साथ ही, मामले की निष्पक्ष व न्यायिक जांच कराने को कहा है।