रिटायर्ड कर्नल-एडीएम विवाद में वेटरंस एक्शन ग्रुप ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग की है। इसके अलावा कई अन्य मांगें भी शामिल हैं। वेटरंस एक्शन ग्रुप पूर्व सैनिकों का एक संगठन है जो नोएडा, गाजियाबाद व ग्रेटर नोएडा निवासी रिटायर्ड सैनिकों के वेलफेयर के लिए काम करता है।
शुक्रवार को एक्शन ग्रुप की तरफ से सीएम को पत्र भेजकर पांच सूत्रीय मांग रखी गई। इसमें इस पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच के अलावा एडीएम हरीश चंद्र व उनकी पत्नी की गिरफ्तारी की मांग की गई। इसके अलावा एडीएम पर रिटायर्ड कर्नल के नौकर की तरफ से एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत करने और रिटायर्ड कर्नल के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे को खत्म करने की मांग की गई है।
साथ ही, तत्कालीन क्षेत्राधिकारी अनित कुमार व कोतवाली सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना को बर्खास्त करने की मांग की गई है। मालूम हो कि 14 अगस्त को सेक्टर-29 निवासी रिटायर्ड कर्नल वीपी सिंह चौहान व एडीएम हरीश चंद्र के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने रिटायर्ड कर्नल को हथकड़ी लगाकर जेल भेज दिया था। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था और पूर्व सैनिकों ने कई दिनों तक पुलिस व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस मामले में तत्कालीन सीओ और थानाध्यक्ष को हटा दिया गया था। एडीएम को भी निलंबित कर दिया गया था।