नई दिल्ली। न्यू अशोक नगर के लोगों को गंदे पानी और दुर्गंध की समस्या से राहत मिलेगी। इलाके में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का काम शुरू हो गया है। स्थानीय लोग काफी समय से एसटीपी लगाने के लिए प्रयास कर रहे थे। लोगों ने बताया कि न्यू अशोक नगर के नाले में कोंडली, घड़ौली, दल्लूपुरा और आसपास के इलाकों का गंदा पानी आता है। स्थानीय पार्षद ने बताया कि एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल पार्कों और सड़क किनारे लगे पौधों की सिंचाई में किया जाएगा। इसके तैयार होने के बाद नाले में आने वाले गंदे पानी का उपचार कर उसका दोबारा उपयोग किया जा सकेगा।