यूपी रेरा सात बिल्डरों के 14 प्रोजेक्ट का पंजीकरण रद्द करने की तैयारी कर रहा है। अगले सप्ताह इस पर फैसला लिया जाएगा। यूपी रेरा ने सात बिल्डरों को पंजीकरण रद्द करने का नोटिस जारी किया था। इनमें प्राइमरोज इंफ्राटेक, पीएसए इम्पेक्स, एमएसए डेवलपर, ग्रीनबे इंफ्रास्ट्रक्चर, इंटेलसिटी बिजनेस पार्क, मिस्ट डॉयरेक्ट सेल्स और उन्नति फॉरच्यून होल्डिंग शामिल हैं।
इनके 14 प्रोजेक्ट हैं जिनमें करीब 4800 फ्लैट हैं। प्रोजेक्ट का निरीक्षण, रेरा में आई शिकायत, रेरा एक्ट का पालन नहीं करने आदि को आधार बनाकर इन्हें नोटिस जारी किए गए थे।
पिछले माह इन सभी बिल्डरों के साथ बैठक कर रेरा ने प्रस्तुतिकरण देने को कहा था। जिस पर इस सप्ताह बैठक होनी थी, लेकिन रेरा के सदस्य बलविंदर कुमार के अवकाश पर जाने के कारण बैठक नहीं हो सकी। अब यह बैठक अगले सप्ताह होगी। इसमें पंजीकरण रद्द करने पर फैसला लिया जाएगा।
अफसरों का कहना है कि ज्यादातर बिल्डरों का पंजीकरण रद्द कर दिया जाएगा। बिल्डर अपने प्रोजेक्ट को पूरा नहीं कर सकते। किसी अन्य को-डेवलपर्स को प्रोजेक्ट पूरा करने का मौका दिया जाएगा।
सुनवाई में नहीं पहुंचने पर शिकायत खारिज
यूपी रेरा की तीनों पीठ ने बृहस्पतिवार को 100 से अधिक मामलों पर सुनवाई की। सुनवाई के दौरान पीठ दो ने नरेश भारद्वाज व पूनम शर्मा की शिकायतों को खारिज कर दिया है।
दोनों खरीदार इकोटेक इंफ्राटेक प्रा. लि. बिल्डर के हैं। पीठ ने बताया कि शिकायतकर्ता लगातार दो सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके हैं। उनसे कोई संपर्क भी नहीं हो रहा है। नोटिस का जवाब भी नहीं आ रहा है। इस कारण इनकी शिकायत को खारिज किया गया है।
सात बिल्डरों का प्रोजेक्टों का पंजीकरण रद्द करने का नोटिस जारी किया गया था। इस सप्ताह इन पर फैसला लिया जाना है, लेकिन अब अगले सप्ताह इन पर फैसला होगा।
- भानु प्रताप सिंह, सदस्य, यूपी रेरा