गणतंत्र दिवस समारोह को अपनी आंखों से दीदार करने वालों के लिए समारोह समाप्त होने पर नियम का पालन करना आवश्यक होगा। ताकि सुगमता से समारोह स्थल से निकलकर अपने घर सुरक्षित और समय से पहुंच सकें। हजारों की संख्या में आने वाले दर्शकों को समारोह स्थल से निकलने के लिए सुरक्षित रास्ते बनाए गए हैं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि समारोह के समाप्त होने के बाद लाउडस्पीकर के जरिये वहां मौजूद दर्शकों को निकलने का सुगम रास्ते की जानकारी दी जाएगी। इन रास्तों पर निकास से संबंधित बोर्ड लगे होंगे और जहां से दर्शकों को पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यहां वाहनों से आने वाले लोगों को भी पार्किंग तक जाने के लिए सुगम रास्ते बनाए गए हैं। समारोह समाप्त होने के बाद वह पैदल ही अपने पार्किंग स्थल तक पहुंचकर अपने वाहनों को लेकर गंतव्य तक जा सकते हैं। समारोह स्थल पर सिर्फ गणमान्य लोगों के वाहनों के आने की अनुमति होगी। दर्शक के तौर पर आने वाले बुजुर्ग और बच्चों को बनाए गए पैदल पथ से ही समारोह स्थल से बाहर निकलना होगा।
समारोह समाप्त होने के बाद भीू कुछ मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहेंगे। इसमें विजय चौक - कर्तव्यपथ - सी-हेक्सागन - गोलचक्कर, गोल चक्कर नेता जी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तक शामिल है। समारोह समाप्त होने के आधे घंटे बाद परेड के गुजरने के बाद तिलकमार्ग - बहादुर शाह जफरमार्ग - नेताजी सुभाष मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। जबकि इंडिया गेट के आस पास के मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील है कि समारोह के समाप्त होने के बाद पैदल यात्री पास के मेट्रो स्टेशनों पर जा सकते हैं, जहां यात्रियों के लिए मेट्रो रेल सेवा उपलब्ध रहेगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों के पास वाहन के पार्किंग की व्यवस्था है वह पैदल ही पार्किंग में पहुंचकर अपने वाहनों का इस्तेमाल कर समारोह स्थल से बाहर निकल पाएंगे। दोपहर एक बजे के बाद समारोह स्थल को छोड़कर अन्य मार्गों को वाहन चालकों के लिए खोल दिया जाएगा
परेड के बाद इन सावधानियों का पालन करें
- परेड खत्म होने के बाद जल्दबाजी न करें, सुरक्षा अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और भीड़ कम होने का इंतजार करें
- केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, पटेल चौक, या लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशनों की ओर जाने वाली चिन्हित दिशाओं का अनुसरण करें
- पुलिस की मदद से बनाए गए कॉरिडोर के रास्ते ही निकलें
- भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय, आराम से निकलें और बच्चों/बुजुर्गों का ध्यान रखें
- पहले से निकास गेट की जानकारी रखे, ताकि जाम से बचा जा सके
- मेट्रो स्टेशन पैदल चलकर या शटल सेवा का इस्तेमाल करें
छोटे बच्चों के लिए टिप्स
- बच्चों की जेब में अपना नाम और फोन नंबर रखें
- छोटे बच्चों के गले में पहचान पत्र लटकाएं
- भीड़ में आसानी से पहचान के लिए बच्चों को चमकीले रंगों के कपड़े पहनाएं
- छोटे बच्चों को हमेशा हाथ पकड़कर रखें
- बच्चों को अलग होने पर संपर्क करने के लिए पुलिस या सुरक्षा बलों से संपर्क करने की जानकारी दें