नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय और कॉलेजों में कार्यरत प्रयोगशाला एवं तकनीकी कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी एंड कॉलेजज लेबोरेटरी (टेक) स्टाफ एसोसिएशन (डूकलसा) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को यूजीसी अधिकारियों से मुलाकात की। यूजीसी सचिव प्रो. श्यामा रथ और उप सचिव डॉ. निखिल कुमार के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की सेवा शर्तों, पदों और वेतन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने बीसी विस्तार पदों को दोबारा बहाल करने, प्रयोगशाला एवं तकनीकी कर्मचारियों के स्वीकृत पदों की संख्या बढ़ाने और लैब अटेंडेंट के मूल वेतन में वृद्धि की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल में डूकलसा के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार मेहता, महासचिव महेंद्र सिंह रावत और कोषाध्यक्ष अंशु मुद्गल समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
डूकलसा ने कहा कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शैक्षणिक, प्रयोगात्मक और शोध गतिविधियों को सुचारु रूप से चलाने में प्रयोगशाला एवं तकनीकी कर्मचारियों की अहम भूमिका है। ऐसे में लंबे समय से लंबित सेवा और कल्याण संबंधी मांगों का जल्द समाधान किया जाना जरूरी है।