आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्र सरकार पर आईपीएल विवाद को दबाने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि इसी मकसद से ‘आप’ के 21 विधायकों के खिलाफ कथित आपराधिक मामलों में मुकदमा दर्ज कराने की झूठी खबरें उछाली जा रही हैं।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर बीएस बस्सी को पार्टी की सलाह है कि अगर उन्हें कानून का कोई ख्याल नहीं तो बस्सी को खाकी वर्दी उतराकर खादी वर्दी पहन लेनी चाहिए।
‘आप’ नेता संजय सिंह ने कहा कि फिलहाल विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के विवादित ललित मोदी के साथ संबंधों की पूरे देश में चर्चा है। इसी बीच ‘आप’ विधायकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की खबर उछाल दी जाती है।
खास बात यह कि ‘आप’ विधायकों के खिलाफ आ रही खबरों का कोई आधार नहीं है। विधायकों को अभी कोई नोटिस भी नहीं मिला है। पुलिस कमिश्नर खुद इस मामले में अपनी अनभिज्ञता जाहिर कर रहे हैं।